दिमागी नक्सल कौन है ??
मै ये सोच ही रहा था कि मैने पाया
मै खुद क्या हूं
मै जो अच्छी शिक्षा के लिए सोचता हूं
एक छात्र के रूप में
मै जो अच्छे हस्पताल के लिए सोचता हूं
एक बीमार के रूप में
मै जो अच्छे खाने के लिए सोचता हूं
एक भूखे के रूप में
मै जो अच्छे आवास के लिए सोचता हूं
एक बेघर के रूप में
मै जो रोजगार के लिए सोचता हूं
एक बेरोजगार के रूप में
हां
मैं उनकी नजरों का दिमागी नक्सल हूं
और मैने पाया कि मैं खुद क्या हूं
मै जो धर्म से इतर भाईचारे के लिए सोचता हूं
एक इंसान के रूप में
मै जो जात पात से इतर समाज के लिए सोचता हूं
एक नागरिक के रूप में
मै जो लहलहाती फसल के बारे में सोचता हूं
एक किसान के रूप में
हां
मैं उनकी नजरों का दिमागी नक्सल हूं
मैं दिमागी नक्सल हूं क्योंकि
मैं मनुष्य के द्वारा मनुष्य के शोषण के खिलाफ सोचता हूं
मै दिमागी नक्सल हूं क्योंकि
ये सब विचार मेरे दिमाग में आते हैं
और मैं दिमागी नक्सल हूं
क्योंकि
मै सोचता हूं एक दिन तुम्हारी
ये आदमखोर सत्ता पलट दी जाएगी
इन्हीं दिमागी नक्सलों के द्वारा
जिनमें से मैं सिर्फ एक हूं ....
